अवैध संबंध में पति को पीट-पीटकर मार डाला

बिटिया खबर

मृतक के परिजनों ने महिला पर दुराचार का आरोप लगाया

नई दिल्ली : जौहरीपुर में मंगलवार को महिला ने पीट-पीटकर पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह खून से सने कपड़े लेकर गोकुलपुरी थाने पहुंची और आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि भतीजी से अवैध संबंध रखने के कारण उसने पति को मार डाला। पुलिस ने मौके पर जाकर शव कब्जे में लिया और महिला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मृतक के परिजन ने आरोपी महिला पर एक युवक से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया है।

जौहरीपुर गली नंबर एक में मूलरूप से घटोली, बागपत, उत्तर प्रदेश निवासी धनपाल सिंह (43) पत्‍‌नी उत्तम देवी, मां ब्रह्म देवी, दो बेटे विक्की (9) व अविनाश (7) और 17 वर्षीय भतीजी के साथ रहता था। उत्तम धनपाल की दूसरी पत्‍‌नी है। धनपाल नोएडा स्थित मोजरबीयर कंपनी में नौकरी करता था और घर पर इन्वर्टर ठीक करने का काम भी करता था। धनपाल की पत्‍‌नी का कहना है कि धनपाल का भतीजी के साथ अवैध संबंध थे। इसको लेकर उनमें अक्सर झगड़ा होता रहता था। मंगलवार को उसका पति उसकी पिटाई करने लगा। उसने भी गुस्से में उसके सिर को दीवार में दे मारा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह गोकुलपुरी थाने पहुंची और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस उससे बात कर ही रही थी कि जौहरीपुर में हत्या होने की कॉल आई।

मौके पर पहुंची पुलिस को धनपाल की भतीजी ने बताया कि उसने घर पर इन्वर्टर ठीक करने वाले युवक के साथ चाची को आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। यह बात उसने चाचा को बता दी थी। इसी बात को लेकर धनपाल और उत्तम के बीच अक्सर झगड़ा होता था। धनपाल के परिजन ने आरोप लगाया कि 4 जुलाई को उत्तम और उसके रिश्तेदार धनपाल व उसकी भतीजी को जबरन लोनी के विकास नगर में ले गए। विकास नगर में उत्तम देवी के रिश्तेदार रहते हैं। वहां धनपाल की खूब पिटाई की और नर्सिग होम में भर्ती करा दिया। उन्होंने बताया कि वे सोमवार को नर्सिग होम पहुंचे और धनपाल व उसकी भतीजी को जौहरीपुर ले आए। मंगलवार सुबह उत्तम देवी वहां से लौटी तो दंपती में झगड़ा होने लगा। इस पर उत्तम पति को पीटने लगी और उसका सिर कई बार दीवार में पटक दिया। इससे उसकी मौत हो गई। उस समय धनपाल की भतीजी बाजार गई थी और दोनों बच्चे स्कूल गए थे। भतीजी घर पहुंची तो उसने पुलिस को सूचना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *