हम तो खुद से करेंगी प्यार

ज़िंदगी ओ ज़िंदगी

खुद से ही शादी कर लेने पर आमादा हैं ताइवानी औरतें

ताइवानी महिलाओं पर सवार हुआ एक नया वैवाहिक जुनून: अकेले ही हनीमून बनाने की भी चल रही हैं तैयारियां: दूसरों से प्यार करने से पहले हम खुद से प्यार करना सीखेंगे: ज्यादातर महिलाओं को है शादी के बाद नौकरी गंवाने का खतरा: जन्मदर घटने से ताइवानी सरकार बेहद गंभीर, उपाय तलाशना शुरू: ताउवान की महिलाओं ने एक अलग और अनोखे ढंग की इबारत लिखना शुरू कर दिया है। वे अब शादी से इनकार कर ही हैं और अब अकेले ही जिन्दगी गुजारने की जुगत में हैं। इस बारे में उनके पास तर्क भी हैं और जिन्दगी जीने के तरीके। तर्क यह कि शादी के बाद बच्चे हुए तो नौकरी पर खतरा है, जबकि तरीका यह कि वे खुद से शादी कर रही हैं और अकेले ही हनीमून बनाने की तैयारियां कर रही हैं। है ना कमाल की सोच? लेकिन उधर ताइवानी सरकार खासी चिंतित है। सरकार को कहना है कि इससे जन्मदर पर गहरा असर पड रहा है।

ताइपे. आजकल ताइवान में एक अलग किस्म की शादी का चलन तेज़ी से पांव पसार रहा है। यहां कुछ महिलाएं ‘खुद’ से ही शादी कर रही हैं। ताइवान की राजधानी ताइपे की रहने वाली चेन वी यी नाम की महिला ने भी हाल ही में अपने आप से शादी की है और वे अब अकेले हनीमून मनाने के लिए तैयार हैं। दरअसल, ताइवान में महिलाएं अब पहले की तरह कम उम्र में शादियां नहीं कर रही हैं। वहां महिलाएं अब अविवाहित रहना भी पसंद कर रही हैं। इसकी एक बड़ी वजह है कि ऐसी महिलाओं को लगता है कि अकेले रहने से उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। उन पर किसी और की जिम्मेदारी नहीं होगी। ऐसी ही एक महिला ने अपने फेसबुक अकाउंट पर कहा, दूसरे लोगों से प्यार करने से पहले खुद से प्यार करना चाहिए। हालांकि, ताइवान सरकार इस नए चलन से काफी चिंतित है। सरकार को चिंता है कि इससे जन्मदर पर सीधा असर पड़ेगा।

चेन वी यी ने शादी के दिन खूबसूरत सफेद ड्रेस में फोटोग्राफरों को पोज़ दिए। शादी के लिए चेन ने एक बैंक्वेट हॉल बुक किया था और करीब 30 खास मेहमानों को बुलाया था। एक दफ्तर में काम करने वाली 30 साल की चेन का कहना है कि उसे अब तक किसी पुरुष ने आकर्षित नहीं किया है। लेकिन सामाजिक दबाव की वजह से उसे शादी करनी पड़ रही है। चेन अगले महीने रिसेप्शन का आयोजन करेंगी। फिलहाल चेन अकेले ही ऑस्ट्रेलिया में हनीमून की तैयारी कर रही हैं। चेन का कहना है, ’30 साल मेरे लिए अच्छी उम्र है। मेरे पास अच्छा काम और अनुभव है। लेकिन मुझे अब तक अच्छा जीवन साथी नहीं मिला है। तो मैं क्या करूं?’ चेन का कहना है कि वह शादी के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन उन्हें उम्मीद है कि अपनी परंपराओं के दायरे में एक नया विचार जाहिर कर सकूंगी। चेन की शादी में तकरीबन ढाई लाख रुपये (5675 अमेरिकी डॉलर)का खर्च आया। इस शादी से पहले ऑनलाइन प्रचार अभियान चलाया गया।
ऑनलाइन पब्लिसिटी के जवाब में करीब 1800 कमेंट आए थे। इन संदेशों में लोगों ने हमदर्दी जताई थी। हालांकि, शुरुआत में इस शादी से चेन की मां खुश नहीं थीं, लेकिन बाद में उन्होंने चेन की खुशी के लिए इस अनूठी शादी के लिए ‘हां’ कह दिया। चेन अपनी शादी का रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाएंगी। चेन का कहना है कि अगर बाद में उन्हें अपनी पसंद का पुरुष मिला तो वे उससे शादी कर लेंगी। एक स्थानीय मीडिया के मुताबिक शिक्षा मंत्रालय द्वारा इस साल के शुरू में कराए गए सर्वे में सामने आया था कि सिर्फ 40 फीसदी महिलाएं यह सोचती हैं कि शादीशुदा लोग अविवाहित लोगों से बेहतर ज़िंदगी जीते हैं।

2009 में टूटा 40 साल का रिकॉर्ड
ताइवान में पुरुष बहुत देर में शादियां करते हैं। महिलाओं को शादी और बच्चे होने के बाद नौकरी गंवाने का डर सताने लगता है। ताइवान के जीवन मूल्यों में बुनियादी बदलाव आ रहा है। यहां करीब दो-तिहाई महिलाएं यूनिवर्सिटी से शिक्षित हैं। शादी करने वाली महिलाओं की तादाद तेजी से घट रही है। ताइवान के गृह मंत्रालय की एक रिपोर्ट बताती है कि पहली बार शादी करने वाली महिलाओं या पुरुषों की तादाद 2009 में करीब दो लाख थी, जो कि पिछले 40 साल का सबसे कम आंकड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *