मुंबई में महिला फोटोग्राफर से गैंगरेप, हंगामा

सैड सांग

बड़ी पत्रिका की पत्रकार है महिला, दुष्कर्मियों के स्केच जारी

मुंबई : देश की राजधानी दिल्ली की तर्ज पर अब मुंबई में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सेंट्रल मुंबई के परेल इलाके में एक महिला फोटो जर्नलिस्ट के साथ गैंगरेप का आरोप लगा है। 22 साल की पीड़ित लड़की के साथ उस वक्त गैंगरेप किया गया जब वो अपने दोस्त के साथ शक्ति मिल में फोटोशूट के लिए गई थी।

पिछले साल दिल्ली में हुए 16 दिसंबर गैंगरेप मामले की तरह यहां भी पांच आरोपियों ने पीड़ित लड़की के दोस्त को बंधक बना लिया और लड़की के साथ गैंगरेप किया। पीड़ित लड़की फिलहाल जसलोक अस्पताल में भर्ती है जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने लड़की के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सेंट्रल मुंबई के परेल इलाके में बीती रात अचानक पुलिस की हलचल तेज हो गई। दरअसल, पुलिस उन आरोपियों की तलाश में जुटी थी जिन्होंने 22 साल की एक लड़की के साथ गैंगरेप किया। मामले की तफ्तीश के लिए पुलिस के आला अधिकारी महालक्ष्मी इलाके में स्थित शक्ति मिल्स के परिसर में पहुंचे जहां इस भयानक वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक एक जानीमानी अंग्रेजी पत्रिका में इंटर्नशिप कर रही ये लड़की अपने दोस्त के साथ फोटोशूट के लिए यहां पहुंची थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसके दोस्त को बंधक बना लिया और लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार किया।

लड़की के बयान पर एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लड़की के दोस्त का बयान भी दर्ज किया है और इसके आधार पर आरोपियों के स्केच तैयार करवा रही है। लड़की के बयान के मुताबिक गुरुवार शाम करीब छह बजे वो अपने दोस्त के साथ महालक्ष्मी इलाके में रेलवे ट्रैक के पास बने शक्ति मिल में गई थी। मिल में फोटोशूट करते वक्त अचानक वहां पांच लड़के घुस आए। उन्होंने लड़की और उसके दोस्त को फोटो लेने से मना किया और झगड़ा करने लगे।

इस दौरान जब लड़की के दोस्त ने विरोध किया तो दो लड़कों ने उस पर हमला बोल दिया और उसे बांध दिया। इसके बाद लड़की के साथ गैंगरेप किया। पुलिस को दिए बयान में लड़की ने कहा है कि आरोपियों में से दो लड़के एक दूसरे को रूपेश और साजिद के नाम से बुला रहे थे। वारदात के बाद सभी आरोपी लड़की और उसके घायल दोस्त को बुरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने लड़की और उसके दोस्त के बयान पर करीब एक दर्जन संदिग्ध आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी उसकी गिरफ्त में होंगे। पुलिस ने पीड़ित लड़की को जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक लड़की को कई सारी अंदरूनी चोटें आई हैं।

गैंगरेप की घटना से मुंबई पुलिस के साथ साथ महाराष्ट्र सरकार भी सकते में है। आनन-फानन में राज्य के गृह मंत्री आर आर पाटिल भी पीड़ित लड़की का हाल जानने जसलोक अस्पताल पहुंचे। पाटिल का कहना है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।

गैंगरेप की इस वारदात ने दिल्ली में हुए खौफनाक गैंगरेप की याद ताजा कर दी है। पिछले साल 16 दिसबंर को अपने दोस्त के साथ बस में जा रही एक मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था। इस वारदात में शामिल छह आरोपियों ने जिस तरह लड़की के दोस्त को बंधक बनाया था, ठीक उसी तरह मुंबई में भी गैंगरेप के आरोपियों ने लड़की के दोस्त को रस्सी से बांध दिया और बेखौफ होकर घिनौनी वारदात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *