: बुलंदशहर शहर के बीचोंबीच हुआ सनसनीखेज हादसा, देवर पर आरोप : तीन तलाक और उसके बाद हलाला जैसे सवालों को सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचाया था शबनम रानी ने, मुकदमे की सुनवाई जारी है :
दोलत्ती संवाददाता
लखनऊ : योगी सरकार के स्वस्थ प्रशासन और कानून-व्यवस्था के दावों को बुलंदशहर में कट्टरवादियों ने आज बुरी तरह करारा तमाचा रसीद कर दिया। खबर है कि यहां के बुलंदशहर में तीन तलाक पीड़िता पर एसिड अटैक हुआ है। गम्भीर रूप से घायल युवती का नाम शबनम रानी बताया जाता है, जो मुस्लिम कट्टरवाद से जुड़े तीन तलाक और हलाला जैसे मामलों के खिलाफ जोरदार आंदोलन छेड़ने के लिए मशहूर है। खबरों के अनुसार पीड़िता को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले का आरोप पीड़िता के देवर पर है।
पश्चिमी यूपी क्षेत्र के प्रमुख शहर और दिल्ली से सटे बुलंदशहर में यह हादसा हुआ है। बताते हैं कि यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के डिप्टीगंज चौकी के पास की है। खबरों के अनुसार पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हालांकि हमलावर यानी शबनम के देवर को फरार बताया जाता है। पुलिस उसे खोजने की कोशिश कर रही है।
पीड़िता का ससुराल बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के जौलीगढ़ में है। पीड़िता अपने पति पर तीन तलाक के बाद देवर से हलाला करने का दवाब बनाने का आरोप भी लगा चुकी है।