अखिलेश-सरकार में तो कूटे गये व्‍यापारी, योगी-सरकार में बचा लेंगे सपाई

ज़िंदगी ओ ज़िंदगी

: लखनऊ की कचेहरी में नंगा कर सरेआम पीटे गये थे पूर्व सपा सांसद बनवारी लाल कंछल, लेकिन सब खामोश रहे : नरेश अग्रवाल की अगुवाई में सपा-मुख्‍यालय में जुटे करीब दो सौ व्‍यापारी : अखिलेश बोले कि सपा सरकार में व्यापारियों से सौतेला व्यवहार नहीं हुआ :

कुमार सौवीर

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज व्यापारी समाज को समाजवादी पार्टी में पूरा मान-सम्मान और अवसर दिए जाने का भरोसा दिलाते हुए उम्मीद जताई कि सन् 2022 के लक्ष्य प्राप्ति में उसकी प्रभावशाली भूमिका रहेगी। उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर हमलावर होते हुए कहा कि व्यापारी आज सर्वाधिक असुरक्षित और उत्पीड़न का शिकार है। भाजपा सरकार में व्यापारियों का अपमान किया जा रहा है। भाजपा बड़े पूंजी घरानों और कारपोरेट की पक्षधर है। समाजवादी सरकार प्रदेश को विकास के जिस रास्ते पर ले जा रही थी उसे रोका जा रहा है। लेकिन हैरत की बात रही कि दो बरस पहले ही एक बड़े व्‍यापारी नेता और सपा के पूर्व सांसद बनवारी कंछल को कचेहरी में दर्जनों वकीलों ने इतना बुरी तरह दौड़ा-दौड़ा कर पीटा कि वे नंगे हो गये। इतना ही नहीं, वकीलों की पिटाई से कंछल के गुप्‍तांगों में से खून तक निकलने लगा। कहने की जरूरत नहीं कि उस समय प्रदेश सरकार में समाजवादी पार्टी की ही सरकार थी, लेकिन अखिलेश यादव ने इस मामले में लगातार चुप्‍पी ही बनाये रखी। ऐसी हालत में आज व्‍यापारी हितों और सुरक्षा की बात करने वाले अखिलेश यादव के दावे पूरी तरह मजाक ही दीखते रहे।

सपा से जुड़ी खबरों को देखने के लिए निम्‍न लिंक पर क्लिक कीजिए:-

सपा में बवण्‍डर

बहरहाल, श्री यादव आज यहां पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में उ0 प्र0 उद्योग व्यापार संगठन के सम्मेलन में, जिसकी अध्यक्षता इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नरेश अग्रवाल सांसद ने की, मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। विधायक एवं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री नितिन अग्रवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर मुख्यरूप से पूर्व मंत्री श्री राजेंद्र चौधरी एवं श्री कैलाश चैरसिया, सांसद श्री संजय सेठ, विधायक डा0 मधु गुप्ता, एसआरएस यादव एवं अरविन्द कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देश की पूरी अर्थव्यवस्था को उलझा कर रख दिया है। आज व्यापार और बाजार बदला हुआ है। नोटबंदी 10 बड़े बैंको को बचाने और बड़े-बड़े बकायेदारों को राहत देने के लिए की गई। इसे देश भक्ति बताकर भाजपा ने धोखा देने का कोई मौका नहीं छोड़ा। इससे बेकारी बढ़ी है। उद्योग धंधे बंद हो गए हैं। पता नहीं क्यों प्रधानमंत्री जी अमीरों के खिलाफ जनसामान्य में गुस्सा पैदा कर रहे है ?

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। व्यापारी और किसानों की परस्पर अर्थव्यवस्था को भाजपा ने तोड़ दिया है। इससे बाजार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। किसानों को सबसे ज्यादा सुविधाएं समाजवादी सरकार में ही मिली हैं। भाजपा गंगा और गाय के बहाने व्यापार करना चाहती है। उन्होंने जीएसटी बिल के बारे में व्यापारियों से ही इसके लाभ-हानि की समीक्षा करने और इसकी उत्पीड़नकारी व्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाने को कहा।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय जनहित की तमाम योजनाएं लागू की गई। 51 जिलों को 4 लेन सड़क से मुख्यालयों से जोड़ा गया। सुरक्षा की दृष्टि से 100 नं0 डायल सेवा शुरू की गई। इसके फोन पर 10-15 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच जाएगी। अपराधी डरते क्योंकि हर 8 किलोमीटर पर पुलिस तैनात रहती। व्यापारी भी तब राहत महसूस करते।

व्यापारी नेताओं ने कहा कि यह परीक्षा बड़ी है और लड़ाई भी बड़ी है। भाजपा नेताओं ने वादे तो बड़े-बड़े किए थे किंतु सत्ता मिलते ही व्यापारियों को चोर और अपराधी बताया जाने लगा। व्यापारियों की हत्या और लूट की घटनाएं बढ़ गई हैं। भाजपा केवल व्यापारियों का दोहन करना जानती है जबकि वह बड़े उद्योगपतियों के काम करती है। भाजपा राज में पुलिस पर गुंड़े हावी हो रहे है। महिलाएं असुरक्षित है। जेलों से व्यापारियों से रंगदारी मांगी जा रही है। इंस्पेक्टर राज लौट आया हैं।

सांसद श्री नरेश अग्रवाल ने कहा कि लड़ाई बहुत बड़े जादूगर से है। अखिलेश जी जैसा नेता कोई नहीं है। उन पर कोई अंगुली नहीं उठा सका है। इसलिए व्यापारी महीने में 2 दिन समाजवादी पार्टी को दें। इसमें ही व्यापारी वर्ग का हित सुरक्षित है। बैठक को एस. के. गर्ग, आनंद अग्रवाल, गौरव स्वरूप, लक्ष्मण गुप्ता, जगदीश अग्रहरि, रतन गुप्ता, अनूप गुप्ता, राम किशोर अग्रवाल, योगेश वाष्र्णेय, राज कुमार मिश्र, पवन मनोचा, रमन अग्रवाल कृष्ण गोपाल मित्तल आदि ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *