मुंबई में पुलिस ने दबोचे गैंगरेप के दो दुष्कर्मी

सैड सांग

महालक्ष्मी इलाके में हुआ हादसा, पांचों आरोपितों के स्केच जारी

मुंबई : फोटो जर्नलिस्ट से गैंगरेप का मामला पुलिस ने सुलझा देने का दावा किया है। पुलिस ने गैंगरेप में शामिल दो आरोपियों को शिकंजे में लिया है और बाकी तीन की पहचान कर ली है। सूत्रों के मुताबिक इनमें एक आरोपी ने अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है। इसकी पहचान पीड़ित लड़की के दोस्त ने की, जिसके साथ मारपीट की गई थी। उधर, गृह मंत्रालय ने मुंबई पुलिस से मामले की रिपोर्ट तलब की है। समझा जाता है कि आरोपी स्थानीय इलाके के ही रहने वाले हैं और शक्ति मिल परिसर में जिस जगह वारदात को अंजाम दिया गया, वहां वे अक्सर भटकते रहते थे।

ये शर्मनाक मामला कल महालक्ष्मीे इलाके में सामने आई था। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच पड़ताल का सिलसिला तेज हो गया। रात भर भागदौड़ के बाद मुंबई पुलिस ने आज केस सुलझाने का दावा किया है। मुंबई पुलिस ने गैंगरेप पीड़ित लड़की के बयान के आधार पर 5 लोगों के स्केच जारी किए थे। पुलिस के मुताबिक पीड़ित लड़की ने अपने बयान में बताया है कि ये लोग वारदात के वक्त आपस में इन दो नामों से बात कर रहे थे। सूत्रों की मानें तो इसी आधार पर पुलिस ने दोनों को शिकंजे में लिया और बाकी तीन की पहचान कर ली।

22 साल की फोटोग्राफर के साथ कल शाम करीब साढ़े 5 बजे उस वक्त गैंगरेप किया गया जब वो अपने दोस्त के साथ शक्ति मिल में फोटोशूट के लिए गई थी। लड़की के बयान के मुताबिक मिल में फोटोशूट करते वक्त अचानक वहां पांच लड़के घुस आए। उन्होंने लड़की और उसके दोस्त को फोटो लेने से मना किया और झगड़ा करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने उसके दोस्त को बंधक बना लिया और इनमें से तीन लोगों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया।

गुरुवार शाम को हुई इस वारदात में पांच लड़कों ने पहले तो पीड़िता के दोस्त को रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई की, इसके बाद लड़की के साथ गैंगरेप किया गया। वारदात के बाद पीड़ित लड़की खुद ही मिल कम्पाउंड से बाहर आई और अपने एक दोस्त के साथ अस्पताल पहुंची। बताया जा रहा है कि लड़की को अंदरूनी चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर है।

मुंबई के पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह ने कहा कि पीड़िता अपने एक मित्र के साथ शाम के समय फोटोग्राफ लेने के लिए शक्ति मिल गई थी। उनके बयान के मुताबिक, वहां दो लड़के मौजूद थे और तीन अन्य व्यक्ति वहां आएं, जिन्होंने युवती के साथ बलात्कार किया। आरोपियों ने उसके दोस्त को बांध दिया और युवती के साथ बलात्कार किया।

मामले की तफ्तीश के लिए पुलिस के आला अधिकारी महालक्ष्मी इलाके में स्थित शक्ति मिल्स के परिसर में पहुंचे जहां इस भयानक वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक एक जानीमानी अंग्रेजी पत्रिका में इंटर्नशिप कर रही ये लड़की अपने दोस्त के साथ फोटोशूट के लिए यहां पहुंची थी। लड़की के बयान पर एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में गैंगरेप का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने लड़की के दोस्त का बयान भी दर्ज किया।

पुलिस को दिए बयान में लड़की ने कहा है कि आरोपियों में से दो लड़के एक दूसरे को नाम से बुला रहे थे। वारदात के बाद सभी आरोपी लड़की और उसके घायल दोस्त को बुरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने लड़की और उसके दोस्त के बयान पर करीब एक दर्जन संदिग्ध आरोपियों को पकड़ा। गैंगरेप की इस घटना से मुंबई पुलिस के साथ साथ महाराष्ट्र सरकार भी सकते में आ गई। आनन-फानन में राज्य के गृह मंत्री आर आर पाटिल भी पीड़ित लड़की का हाल जानने जसलोक अस्पताल पहुंचे। पाटिल ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।

गैंगरेप की इस वारदात ने दिल्ली में हुए खौफनाक गैंगरेप की याद ताजा कर दी है। पिछले साल 16 दिसबंर को अपने दोस्त के साथ बस में जा रही एक मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था। इस वारदात में शामिल छह आरोपियों ने जिस तरह लड़की के दोस्त को बंधक बनाया था, ठीक उसी तरह मुंबई में भी गैंगरेप के आरोपियों ने लड़की के दोस्त को रस्सी से बांध दिया और बेखौफ होकर घिनौनी वारदात की।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता को जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार युवती को अंदरूनी तौर पर काफी चोट आई हैं। अस्पताल के कार्यवाहक सीईओ डॉ. तरन ज्ञानचंदानी ने कहा, पीड़िता को गहन निगरानी में रखा गया है। इस समय हम कुछ भी नहीं कह सकते। पुलिस का दावा है कि महिला ने दो आरोपियों की उनके नाम से पहचान की है। उसने पुलिस को बताया कि दो आरोपी एक-दूसरे को रूपेश और साजिद कहकर पुकार रहे थे।

स्थानीय पुलिस के साथ साथ अपराध शाखा ने भी मामले की जांच के लिए विशेष दल का गठन किया है और आरोपी की तलाश में जांचकर्ता पूरे शहर में छानबीन कर रहे हैं। इस मामले को महाराष्ट्र के गृहमंत्री आरआर पाटिल ने गंभीर बताते हुए कहा है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा और किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। पाटिल ने जसलोक अस्पताल जाकर पीड़िता से मुलाकात भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *