अवैध संबंधों में मारे गये तीन बेटियों समेत चार बच्चे

सैड सांग

क्रूर बाप ने बच्चों को कत्ल किया, नहर में मिले शव

जींद : अवैध संबंधों के कारण एक बाप ने अपने चार बच्चों की हत्या कर दी। इस महीने की 8 अगस्त को नरवाना की भगतसिंह कॉलोनी से लापता चारों बच्चों के शव नहर में मिलने के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चारों मासूमों का हत्यारा कोई और नहीं बल्कि खुद इनका पिता रामेश्वर ही है। रामेश्वर ने ही अपने चार मासूम बच्चों को जिंदा नहर में फेंका था।

रामेश्वर ने अनेक महिलाओं से अवैध संबंध होने के कारण यह कदम उठाया। चारों बच्चों की हत्या के साथ ही पुलिस ने करीब पांच साल पहले गायब हुई एक महिला की मौत की गुत्थी भी सुलझा ली है। इस महिला को भी रामेश्वर ने नहर में फेंक कर मौत के घाट उतारा था। रामेश्वर के इससे भी अवैध संबंध थे। पुलिस ने रामेश्वर को गिरफ्तार करके शनिवार को नरवाना की कोर्ट में पेश किया जहां उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

चारों बच्चों का हत्यारा पिता ही है, इस खबर से हर कोई हैरान है। इस मामले में खुलासा करते हुए एसपी बलवान सिंह राणा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बीती 8 अगस्त को देर शाम भगतसिंह कॉलोनी निवासी रामेश्वर ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पुत्री सलोनी (8) व शिवानी (7), पुत्र विकास (5) तथा भतीजी अमन कुमारी (4) संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए थे।

पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज करके तुरंत पुलिस टीमों का गठन किया और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। एक के बाद एक चारों बच्चों के शव अलग-अलग जगहों पर नहर से बरामद हो गए। एसपी ने बताया कि पुलिस को शुरू से ही रामेश्वर पर शक हो गया था। रामेश्वर द्वारा पुलिस के सामने बार-बार अपने ब्यान बदलने, मोबाइल की लोकेशन उसके बताने के विपरित आने और चार बच्चों के लापता होने के बाद भी निरंतर शराब के सेवन से पुलिस का शक रामेश्वर की ओर मुड़ गया।

पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ में रामेश्वर ने अपने बच्चों की हत्या करने की बात कबूल ली। एसपी ने बताया कि इन मासूमों की हत्या के साथ-साथ रामेश्वर ने कबूल किया कि उसने करीब पांच साल पहले नरवाना वाल्मीकि मोहल्ले की एक महिला को नशीली वस्तु खिलाकर नहर में फेंक दिया था।

एसपी बलवान सिंह राणा ने बताया कि रामेश्वर ने चारों बच्चों को अपनी मोटरसाइकल पर बैठाया और सुनसान जगह से नहर पर ले गया। बच्चों को अंधेरा होने तक मोटरसाइकल पर घुमाता रहा। अंधेरा होने पर बच्चों को बडनपुर हैड के पास ले गया और चारों बच्चों को नहर के किनारे खड़ा करके लहर देखने को कहा। जब बच्चे लहर देखने लगे तो चारों को धक्का दे दिया।

एसपी ने यह भी बताया कि रामेश्वर के कई महिलाओं से अवैध संबंध रहे हैं। हाल में भी एक महिला से उसके संबंध हैं। रामेश्वर के अनुसार वह महिला उससे खर्चे के लिए रूपये मांगती थी, जबकि उसके पास कोई खास काम नहीं होने के कारण उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। रामेश्वर अपने बच्चों को ठिकाने लगाकर अपना खर्च कम करके उसका खर्चा चलाना चाहता था।

रामेश्वर ने बताया कि 2008 में वह मंडी में आढ़त की दुकान पर मुनीम था। मंडी में यह महिला सफाई का काम करने आती थी। उस महिला से उसके अवैध संबंध हो गए। एक दिन रामेश्वर को भनक लगी कि महिला के किसी और से संबंध हैं तो वह बेकाबू हो गया। वह इस महिला को नहर के पास ले गया और वहां नशीली वस्तु खिलाकर उसे नहर में धक्का दे दिया। महिला के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी लेकिन कोई सुराग नहीं लगा था। उसके बाद मायका पक्ष व ससुराल पक्ष एक दूसरे पर गायब करने के आरोप लगाते रहे। पुलिस ने इस महिला की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *