झांसा दिया शादी का, 8 साल तक किया दुराचार

बिटिया खबर

उन्नाव की युवती घरों में चौका-बर्तन करती थी

गुड़गांव : अपने मकान में किराये पर रहने वाली महिला को एक व्यक्ति द्वारा शादी का झांसा देकर लगातार आठ साल तक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी 59 वर्षीय रमेश दिल्ली परिवहन निगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है।

महिला की शिकायत पर सेक्टर-18 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष आरोपी को पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मूल रूप से यूपी के उन्नाव की रहने वाली 32 वर्षीया सोनम (काल्पनिक नाम) पिछले करीब 10 साल से गांव सुखराली में रहती है। सोनम घरों में मेड का काम करती है। उसका आरोप है कि गांव के ही रमेश ने करीब आठ साल पहले उसे शादी का झांसा देकर हवस का शिकार बनाया। इसके बाद से ही वह लगातार उससे दुष्कर्म करता रहा।

आरोपी रमेश की पत्नी की मौत काफी साल पहले हो चुकी थी। पीड़ित महिला भी यहां अकेली ही रहती है। इसके चलते वह भी रमेश के साथ अपना घर बसाना चाह रही थी। लेकिन आठ साल तक इंतजार करने के बाद अब उसने शादी के लिए रमेश पर दबाव बनाया तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। जिसके बाद महिला ने सेक्टर-18 थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी। मामले के आईओ एएसआई जयपाल ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *