मासूम बच्चियों की दुराचार के बाद नृशंस हत्या

ज़िंदगी ओ ज़िंदगी

: गुस्साई भीड़ से निपटने के लिए पुलिस ने चलायी गोलियां: गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में नागरिक सड़क पर उतरे: राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक जाम, दर्जनों वाहन फूंके:

दिल्ली गैंग रेप की आग अभी पूरी तरह ठंडी भी नहीं हुई है कि गाजियाबाद में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के सुभाष नगर इलाके में एक सात साल की बच्ची का शव बरामद किया गया है। शव की स्थिति देखकर लग रहा है कि रेप करने के बाद किसी ने बेरहमी से हत्या कर दी हो।

इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिए। कई गाड़ियों में आग लगा दी गई। लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की। उग्र भीड़ ने भी पुलिस पर पथराव किया। आम लोगों के साथ-साथ कई पुलिसवालों के भी जख्मी होने की खबर है। गाजियाबाद के सुभाष नगर इलाके में बुधवार की शाम 6 बजे से 7 साल की एक बच्ची गायब थी। गुरुवार की सुबह 10 बजे बच्ची का शव बरामद किया गया। बच्ची के शरीर पर से कपड़े गायब थे। हालत देख कर लग रहा था कि रेप करने के बाद किसी ने उसकी हत्या कर दी हो। इसकी सूचना फैलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। हाईवे को जाम कर दिया। पुलिस जब जाम हटाने पहुंची तो लोग उग्र हो गए।

दूसरी ओर यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में पास के जंगल में कथित तौर पर सात लोगों ने एक नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि सात आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना बुधवार रात को तब घटित हुई जब 14 साल की यह लड़की सिविल लाइंस क्षेत्र के शिक्षा कॉलोनी स्थित अपने घर से किसी काम के लिए बाहर निकली थी। शहर के पुलिस अधीक्षक राजकमल यादव ने कहा कि लड़की को सात लोगों ने अगवा कर लिया और एक कार में पास के जंगल में ले गए और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने कहा कि इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *