जोधपुर स्थित आश्रम पर नोटिस चस्पा हुई
नई दिल्ली : यौन शोषण में फंसे आसाराम बापू भले ही पुलिस के शिकंजे से दूर हों, लेकिन उनकी मुश्किलें फिलहाल खत्म होती नहीं दिख रही हैं। जोधपुर पुलिस आसाराम पर देश छोड़ने पर रोक लगाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पुलिस आसाराम के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी कर सकती है।
पुलिस फिलहाल आसाराम के जवाब का इंतजार कर रही है। कल जोधपुर पुलिस की एक टीम आसाराम के इंदौर के आश्रम पहुंची और उन्हें 30 अगस्त तक पुलिस के सामने पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस थमाया। आसाराम के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज हुए छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन उनकी गिरफ्तारी तो दूर अभी तक पूछताछ के लिए समन ही थमाया गया है।
आसाराम पर 16 साल की एक लड़की ने आरोप लगाया है कि जोधपुर के आश्रम में आसाराम ने उसका यौन उत्पीड़न किया। लड़की ने इस बाबत दिल्ली पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। लड़की का कहना था कि आसाराम ने उसके साथ जोधपुर के आश्रम में यौन दुर्व्यवहार किया। 16 साल की लड़की ने दावा किया कि वो उन्हीं के एक गुरुकुल में पढ़ती है। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की रहने वाली ये लड़की 12वीं की छात्रा है। वो आसाराम के मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा स्थित गुरुकुल में पढ़ती है। 19 अगस्त को ये लड़की अपने पिता के साथ दिल्ली के कमलानगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
इस लड़की का कहना था कि तबीयत खराब होने की वजह से उसे छिंदवाड़ा के गुरुकुल के हॉस्टल से आसाराम के जोधपुर आश्रम बुलाया गया। लड़की के बयान के मुताबिक 15 अगस्त को आसाराम अपने एक सहयोगी के साथ जोधपुर के इस आश्रम में पहुंचे। वहां उन्होंने उसे एक अलग कमरे में बुलाया। और कमरा बंद कर उसका यौन शोषण किया। यही नहीं उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
धार्मिक और आध्यात्मिक गुरूओं की करतूतों को अगर देखना चाहें तो कृपया क्लिक करें:- घिनौने गुरू-घंटाल