छेड़खानी में पूर्व सांसद व प्रत्याशी चंद्रनाथ सिंह घसीटे गये

बिटिया खबर

शराब में धुत्त नेता ने किया शाहजहांपुर स्टेशन में हंगामा

: राजनीतिक पहुंच से बचे जेल जाने से, अस्पताल में भर्ती : सपा से बसपा और फिर सपा जैसे पालाबदल में माहिर हैं सीएन : मछलीशहर से रह चुके हैं मुम्बई के बिल्डर सीएन सिंह :

लखनऊ: एसी बोगी में एक महिला के साथ शराब के नशे में बेहूदगी और छेड़खानी के मामले में एक पूर्व सांसद को पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तारी से पहले इस पूर्व सांसद ने पुलिसवालों को भी जमकर हंगामा कर अपने अर्दब में लेने की कोशिश की। फिलहाल यह पूर्व सांसद जेल के बजाय अस्पताल में भर्ती कराने में सफल हो गये हैं, लेकिन मामला दर्ज हो चुका है। खबर है कि इस हादसे में यात्रियों ने इस पूर्व सांसद के साथ हाथपाई भी की।

बताया जाता है कि यह घटना बरेली से शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के बीच हुई। यह नेता हैं चंद्रनाथ सिंह उर्फ सीएन सिंह। एक दशक पूर्व समाजवादी पार्टी से सांसद रह चुके हैं, और उनकी सीट है मछलीशहर। हालांकि सपा से बसपा और फिर सपा में पाला बदलने में माहिर सीएन सिंह मूलत: ठेकेदार और बिल्डर हैं, जिनका आधार मुम्बई है। सपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सीएन सिंह को अपना प्रत्याशी भी बना लिया है। बहरहाल यूपी के सीएम अखिलेश यादव प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा का दावा करते हों, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। सपा सरकार आने के बाद यूपी पूरी तरह अराजक होता जा रहा है। यहां सीएम के खास लोग भी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने में पीछे नहीं हैं। अखिलेश की पार्टी समाजवादी पार्टी ने जिस शख्स को 2014 में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है, उसी ने नशे की हालत में एक महिला से चलती ट्रेन में छेड़छाड़ की है।

पता चला है कि सपा नेता चंद्रनाथ सिंह को चलती ट्रेन में छेड़खानी के आरोप में दबोचा गया है। घटनाक्रम के अनुसार इस सांसद पर पद्मावत एक्सप्रेस में शराब पीकर एक महिला से अश्लील छेड़छाड़ का आरोप है। खबर के मुताबिक चंद्रनाथ सिंह इस ट्रेन में बिना टिकट थे और चाहते भी थे कि उन्हें  सीट मिल जाए। ऐसा न हो पायी तो उन्होंने बेहूदगी शुरू कर दी जिसका खामियाजा भुगता ट्रेन में चल रही एक युवती ने। पता चला है कि एक युवती से छेड़खानी का मामला जब ट्रेन में यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों को पता चला तो उन लोगों ने जमकर हंगामा हुआ। यात्री बेहद गुस्से में आ गये और आक्रामक हो गये। जंजीर खींच कर इस पूर्व सांसद की पिटाई भी की गयी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने चंद्रनाथ सिंह को पकड़ लिया। चंद्रनाथ सिंह पर छेड़खानी का केस दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद चंद्रनाथ सिंह ने तबीयत खराब होने की बात कही, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्तर प्रदेश में कई बार अपने ही नेताओं की वजह से अखिलेश सरकार को शर्मिंदगी उठानी पड़ती है। चंद्रनाथ सिंह 2014 के आम चुनाव में सपा के प्रतापगढ़ से घोषित उम्मीदवार हैं। वह 1999 में यूपी के मछली शहर से एसपी के सांसद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *