आश्रम में अनाथ बच्ची से दुराचार, दो सेवादार बंदी

सैड सांग

कौशांबी के आश्रम की संचालिका ने लिखायी रिपोर्ट

कौशांबी : दिल्ली से सटे कौशांबी के गुरुकुल शांति धाम आश्रम में किशोरी से रेप का मामला प्रकाश में आया है। आश्रम की संचालिका की शिकायत पर पुलिस ने दो वर्तमान व एक पूर्व सेवादार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर दो सेवादारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पीड़ित किशोरी की मेडिकल जांच करा रही है।

आश्रम की संचालिका दिव्य योग माया सरस्वती ने इंदिरापुरम पुलिस की दी तहरीर में बताया है कि किशोरी ने उन्हें कुछ दिन पहले बताया था कि सेवादार शिवा उसके साथ कमरे में रात के समय गलत हरकतें करता है। संचालिका ने इस मामले की शिकायत कौशांबी पुलिस चौकी में की तो पुलिस ने मामले को रफा दफा कर दिया। दो दिन पूर्व किशोरी ने संचालिका को रोते हुए फिर बताया कि उसके साथ यहां करीब डेढ़ साल से देशराज उर्फ वरुण (जिसे एक वर्ष पूर्व आश्रम में चोरी का आरोप लगने के बाद निकाला जा चुका है।) और बुजुर्ग बाबा बैसाखी दास उसके साथ कई बार रेप कर चुके हैं। शिवा व वरुण उसके साथ रेप कर मारपीट भी करते हैं और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हैं।

बिहार का रहने वाला आरोपी शिवा बीते 24 जून को मुंबई से आश्रम में आया था। यहां आने के बाद वह किशोरी से रेप कर रहा है। इस मामले की सूचना मिलते ही सोमवार को थाना प्रभारी उपेंद्र यादव ने आश्रम में दबिश देकर बैसाखी दास व शिवा को गिरफ्तार किया और पीड़ित किशोरी के बयान दर्ज किए। देशराज उर्फ वरुण की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

आश्रम से पता चला है कि पीड़ित किशोरी वर्ष 2007 में इंदिरापुरम क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली थी। उसकी जब कोई शिनाख्त नहीं हुई तो उसे यहां आश्रम में छोड़ दिया गया था। तब से किशोरी यहां रह रही थी।

गुरुकुल शांति धाम आश्रम पहले भी विवादों में रहा है। पूर्व में यहां के सेवादारों पर लाखों की चोरी करने तो कभी मादक पदार्थ के सेवन के मामले प्रकाश में आए हैं। पूर्व में संचालिका के द्वारा पार्क में बाबा की समाधि बनवाने को लेकर चर्चा रही। आश्रम पर जीडीए की भूमि कब्जाने, अवैध निर्माण और चोरी से बिजली चलाने के कई मामले समय- समय पर आते रहे हैं। कुछ माह पूर्व जीडीए द्वारा आश्रम को गिराया जा रहा था, लेकिन कई संगठनों के सामने आने पर जीडीए कार्रवाई नहीं कर सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *