अमेरिका में युवती से दस साल तक दुष्कर्म

सैड सांग

युवतियों को बंधक रखने समेत अपराधों में मिली उम्रकैद

शिकागो : अमेरिका के ओहियो प्रांत में तीन युवतियों को दस साल तक बंधक रखने वाले एरियल कास्त्रो को उम्रकैद और 1000 साल की अतिरिक्त कैद की सजा दी गयी है। उसे पैरोल की अनुमति नहीं दी गयी है।

क्लीवलैंड में रहने वाले एरियल कास्त्रो ने तीन लड़कियों मिशेल नाइट [32], अमांडा बेरी [27] और जिना डीजीसस [23] को दस साल तक अपने घर में जंजीर में बांध कर रखा था। इस नारकीय यातना को भोगने के लिये मजबूर तीनों लड़कियों के साथ कास्त्रो ने कई बार दुष्कर्म भी किया था।

उस पर आरोप है कि उसने एक बंधक लड़की का जबरन गर्भपात कराया था। अमांडा ने बंधक रहने के दौरान ही एक बच्चों को जन्म दिया था। अमांडा ही उसके चंगुल से बचकर भागी थी और आस पास के लोगों का ध्यान इस घिनौने अपराध की ओर आकर्षित किया था।

एरियल पर लड़कियों को बंधक बनाकर रखने और दुष्कर्म करने के अलावा सौ अन्य आरोप भी लगाये गये थे। मामले की सुनवाई के दौरान उसने कभी भी अपना गुनाह नहीं कबूला और खुद को मानसिक रूप से कमजोर साबित करने की कोशिश में लगा रहा। मामले की सुनवाई कर रहे जज माइकल रूसो ने उसे यह सजा सुनाई। जज ने कहा कि दूसरों को गुलाम बनाकर रखने वालों के लिये इस दुनिया में कोई जगह नहीं है।

एरियल ने अपनी इस करतूत के लिये पीड़ितों एवं उनके परिजनों से माफी मांगी। उसने दावा किया कि उसने किसी भी युवती के साथ उसकी मर्जी के बिना संबंध नहीं बनाये। 53 वर्षीय एरियल ने अपने बचाव में कहा कि मैं कोई राक्षस नहीं हूं। मैं एक सामान्य आदमी हूं, बस मेरा दिमाग थोडा़ कमजोर है। मुझे एक लत है। 1मैं खुद से ही यह सवाल पूछ रहा हूं कि मैंने ऐसा क्यों  किया।

एरियल ने 2002 से 2004 के बीच तीन युवतियों को बंधक बनाया था। उसने अपनी पहली शिकार बनी युवती को एक पिल्ला देने और दूसरी को अपनी बेटी से मिलवाने के बहाने अपने घर ले गया था। एरियल का कहना है कि उसे नहीं पता कि उसने ऐसा क्यों  किया।

एरियल की कैद में रहने वाली मिशेल नाइट ने अपने भयावह जिंदगी के बारे में अदालत को बताया कि किस तरह एरियल हर रविवार को चर्च जाता था और वहां से लौटकर उन्हें प्रताड़ित करता था। एरियल के खिलाफ गवाही देने सिर्फ मिशेल की अदालत पहुंची थी।

मिशेल ने एरियल की सजा पर टिप्पणी करते हुये उसे कहा कि मैंने अपने 11 साल नरक में बिताये हैं। अब तुम्हारी जिंदगी का नरक शुरू हो रहा है। तुम्हें मरते दम तक नरक की सजा भुगतनी होगी। अब मैं तुमसे प्रभावित नहीं होऊंगी। मैं जिंदा रहूंगी और तुम अब हर दिन थोडा़-थोडा़ मरोगे।

एरियल पर आरोप है कि उसने एक युवती का पांच बार जबरन गर्भपात कराया। वह हर बार गर्भवती युवती की जमकर पिटाई करता था, जिससे उसे गर्भपात हो जाता था। इसके अलावा उसने इसी युवती से अमांडा की जबरन डिलीवरी भी करायी थी और धमकी दी थी कि अगर उसके बच्चों को कुछ हो गया तो वह किसी को नहीं छोडे़गा। अमांडा ने एक बेटी को जन्म दिया।

अदालत ने एरियल पर अमांडा की छह साल की बच्ची से मिलने पर भी रोक लगा दी है। वह अमांडा की बेटी को कभी भी नहीं मिल सकता है। अदालत में सुनवाई के दौरान एरियल के घर का माडल रखा था, जिसे देखकर मिशेल ने बताया कि किस तरह उन्हें खिड़की दरवाजों में ताला लगाकर और जंजीरों में बांधकर रखा जाता था। एरियल के घर से पुलिस ने कई जंजीरें भी बरामद की थीं।

अमांडा के साथ पहली बार उस घर में दाखिल हुई महिला पुलिसकर्मी बारबरा जानसन ने बताया कि जब वह अंदर गयी तो उन्होंने अपने चेहरे पर टार्च जलाकर दोनों महिलाओं को दिखाया कि वह पुलिसकर्मी है औंर उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है। जानसन ने बताया कि उन्हें देखते ही मिशेल एक अन्य पुलिसकर्मी से लिपट गयीं औंर जोर-जोर से रोते हुये कहने लगीं कि आपने हमें बचा लिया। लेकिन डीजीसस बेहद घबरायी थीं और वह किसी से नजर नहीं मिला पा रही थीं।

मामले की जांच करने वाली स्पेशल एजेंट ने अदालत को बताया कि एरियल कई बार दुष्कर्म करने के बाद पीड़िताओं को पैसे भी देता था और जब वे माल से कुछ सामान मंगाना चाहती तो वह उनसे वह पैसे ले लेता था। उसने अमांडा की बच्ची के जन्म के तत्काल बाद डिलीवरी करने वाली महिला के साथ दुष्कर्म किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *