चीन की पहली अंतरिक्ष शिक्षिका की रवानगी आज

सक्सेस सांग

बच्चों को अंतरिक्ष से पढ़ायेगी शिक्षिका वांग यापिंग

: रूस के मीर का जवाब बनेगा चीन का अंतरिक्ष-यान : वांग को लेकर आज शाम रवाना होगा अंतरिक्ष यान : वांग की रोमांचकारी यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे हैं चीनी छात्र और शिक्षक भी :

बीजिंग : चीन अब तक के अपने सबसे लंबे अंतरिक्ष मिशन के तहत मंगलवार को अपनी दूसरी महिला अंतरिक्ष यात्री को अंतरिक्ष में भेजेगा। रूस के स्पेसलैब मीर के जवाब में चीन अंतरिक्ष में अपना खुद का अंतरिक्ष प्रयोगशाला बनाने की दिशा में काम कर रहा है।

चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम के प्रवक्ता वु पिंग ने मीडिया को बताया कि शेंक्षाउ 10 अंतरिक्षयान एक लॉंग मार्च रॉकेट के जरिए मंगलवार को स्थानीय समय के मुताबिक शाम पांच बजकर 38 मिनट पर रवाना होगा। पिछले साल लियू यांग के अंतरिक्ष में जाने के बाद अब 35 वर्षीय वांग यापिंग अंतरिक्ष में जाने वाली चीन की दूसरी महिला होगी। इस मिशन का नेतृत्व निय हेशेंग करेंगे और तीसरे अंतरिक्ष यात्री झांग शियूगांग होंगे।

यापिंग पूर्वी चीन के किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह पिछले साल प्रथम चीनी महिला के तौर पर अंतरिक्ष में जाने का मौका चूक गई थी। पिछले साल जून में यांग शेंक्षाउ 9 के जरिए अंतरिक्ष में गई थी। उनकी 13 दिनों की इस यात्रा को अब तक की सबसे लंबी यात्रा बताया गया था। वु ने बताया कि इस बार चीनी अंतरिक्ष यान 15 दिनों की यात्रा पर जाएगा। दरअसल, चीनी स्पेसलैब के 2020 तक पूरी तरह से तैयार होने की उम्मीद है जब मीर अपना मिशन पूरा कर लेगा और इस तरह से उस वक्त चीनी स्पेसलैब ही एक मात्र ऐसा अंतरिक्ष स्टेशन होगा।

वु ने बताया कि यह पहला मौका होगा जब चीनी अंतरिक्षयात्री माध्यमिक और प्राथमिक स्कूल के छात्रों को अंतरिक्ष से पढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि इस तरह से वांग यापिंग अंतरिक्ष से पढ़ाने वाली चीन की प्रथम शिक्षिका बन जाएंगी। वु ने बताया कि वांग के शिक्षण से छात्र भार, द्रव्यमान और न्यूटन के नियमों को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक वांग अंतरिक्ष में रहते हुए पृथ्वी पर छात्रों और शिक्षकों से बातचीत भी करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *