रणचंडी बनी रूबीना, धर-दबोचा डाकुओं को

ज़िंदगी ओ ज़िंदगी

भोपाल में चड्ढी-बनियान गिरोह से अकेले ही भिड गयी
कोहिफिजा इलाके में हुई घटना, एक को दबोच ही लिया
बदन पर तेल लगा होने के चलते निकल भागे डाकू

भोपाल: यह बदलते दौर के साथ बढ़ते साहस की भी अनूठी दास्‍तान है। कभी डाकुओं के एकक्षत्र प्रदेश समझे जाने वाले मध्‍यप्रदेश में अब बहादुर महिलाएं खुद ही डाकुओं पर कार्रवाई करने निकल पड़ी हैं।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डकैती डालने आए चड्डी-बनियान गिरोह को एक महिला के साहस के आगे उल्टे पांव लौटना पड़ गया। घर में घुस आये डाकुओं से घबराने के बजाय इस महिला ने उठा लिया एक डण्‍डा और पिल पड़ी डाकुओं पर। उसकी लठमार शैली वाले डंडे से किए गए हमले में कई डकैतों को चोटें भी आई, मगर चूंकि यह डकैत अपने शरीर पर तेल लगाए हुए थे, इस लिए आसानी से निकल भागे। लेकिन इस घटना में इस महिला ने अपने घर का सामान तो लुटने से बचा ही लिया। जाहिर है कि यह महिलाओं में लगातार बढ़ते साहस की एक बेमिसाल नजीर ही है।

वाक्या बीती रात का है, जब यहां के कोहिफिजा इलाके में रहने वाले एक परिवार को डकैतों ने अपना निशाना बनाया। इस घर में मां व बेटा रहते हैं। मां का नाम रूबीना है। खैर, डकैतों का यह गिरोह खिड़की की जाली को अभी काट ही रहा था कि तभी बेटे हमजा की नींद खुल गई, उसने यह बात अपनी मां रुबीना को बताई। मां-बेटे ने डकैतों के हमले की खबर पड़ोस में रहने वाले परिवार के अन्य सदस्यों को देने के साथ ही खुद को डंडे से लैस कर लिया।
रुबीना के मुताबिक उसने डंडे से डकैतों पर हमला बोल दिया। डंडों से हुई पिटाई के चलते कुछ डकैतों को चोटें आईं तथा वे अपना बचाव करने लगे। तभी उनके परिवार के अन्य सदस्य भी आ गए। घरवालों ने इन डकैतों को घेर लिया। उन्हें पकड़ने की कोशिश की गई। एक डकैत तो उनकी गिरफ्त में आ गया था, परंतु शरीर पर तेल लगा होने के कारण वह छूट कर भाग गया।
डकैतों से हुए संघर्ष में रुबीना के देवर को भी चोटें आई है। वही डकैतों को भी चोटें जरूर आई होंगी, ऐसी संभावना जताई जा रही है।
रुबीना बताती हैं कि संख्‍या में यह डकैत आठ से ज्यादा थे। सभी चड्डी पहने थे तथा शरीर पर तेल लगाए हुए थे। साहसी महिला रूबीना द्वारा डकैतों को खदेड़े जाने की जानकारी मिलने पर सोमवार को भोपाल के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र श्रीवास्तव भी उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि रूबीना तथा उनके पूरे परिवार के साहस के चलते एक जघन्य वारदात टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *