बसपा-नेता के घर शाही-शादी, पत्रकारों को ढोया गया मुम्‍बई

बिटिया खबर
: लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे अशोक सिंह ने निजी पारिवारिक समारोह को राजनीतिक अखाड़े में तब्दील कर दिया : अंबानी शैली में मुंबई तक हवाई जहाज से ढो कर ले गये पत्रकारों-सामाजिक नेताओं की पौ बारह : अखबारों में फैला सन्‍नाटा, संवादसूत्रों के बल पर चलेगा अखबार :

कुमार सौवीर
लखनऊ : बसपा के नेता के बेटे का तिलक और विवाह का आयोजन मुंबई में हो रहा है। नेता जी चूंकि आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी किस्‍मत चमकाने की फिराक में हैं, इसलिए उन्‍होंने अपने इस निजी पारिवारिक समारोह को राजनीतिक अखाड़े में तब्दील कर दिया है। उनका खास निशाना हैं पत्रकार और प्रमुख संगठनों के प्रभावी नेतागण। बहन मायावती की नजरों में खुद को काबिल दिखाने की चाहत वाले यह नेता जी चाहते हैं कि वे अपने बेटे के तिलक और विवाह समारोह में अम्‍बानी खानदान जैसी रंगत बिखेर डालें। इसके लिए हवाई जहाज से ढो-ढो कर उन्‍होंने यहां के पत्रकारों और नेताओं सामाजिक कार्यकर्ताओं को मुम्‍बई मंगवा लिया है। और केवल यह संबंधित लोग ही नहीं बल्कि इन सभी आमंत्रित लोगों को सपरिवार हवाई जहाज से मुंबई मंगवा लिया गया है। तिलक आज मुंबई में हो एक सात सितारा होटल में आयोजित होगा। राजसी ठाठबाट से रची-बसी रंगत से सराबोर है यह शादी।
पिछले चुनाव में अशोक सिंह ने अपनी राजनीतिक आकांक्षाओं वाली किश्‍ती को प्रतापगढ़ की एक धारा में डाल दी थी। लेकिन गलती से दलदल को वे धारा समझ गए और उसी की चलते कींचड़ में जा गिरे। लेकिन इस बार वे अब सतर्क हैं और इस बात के लिए जी जान से जुटे हुए हैं कि बहुजन समाज पार्टी से उन्हें जौनपुर सीट पर टिकट मिल जाए। अशोक सिंह को उम्मीद है कि वह अपने इस प्रयास में दिल्ली ताज तक पहुंच जाएंगे। इसके लिए अशोक सिंह लगातार जमीनी काम कर रहे हैं। इसी रणनीति के तहत अधिकांश सामाजिक संगठनों के कार्यक्रमों में उन्हें मुख्य अतिथि के मुख्‍य आमंत्रित करने की रणनीति जोरों से चल रही है। एक सूत्र ने बताया कि इस काम के लिए आयोजक को भारी मोटी रकम अदा की जा रही है ताकि वे अपने इस मुख्‍य अतिथि की ढंग से सेवा सत्कार करें और उसका व्यापक प्रचार करें। जाहिर है कि इसी तरह बेड़ा पार करने की संभावनाएं बलवती हो जाएं।
बहरहाल ताजा खबर यह है कि अपने पक्ष में जौनपुर के गणमान्य प्रभावशाली और चुनाव में उनके पक्ष में पैरवी कर सकने की क्षमता रखने वालों को तृप्त करने के लिए अशोक सिंह ने अपना कारूं का खजाना खोल दिया। इसके लिए उन्होंने ऐसे लोगों को मुंबई की चकाचौंध वाली सैर कराने का आयोजन किया है। मौका है उनके बेटे की शादी का शुभ अवसर, इसके लिए चुने हुए 200 चुनिंदा लोगों को पंच सितारा सुविधाओं वाली सेवा-सुश्रुषा के तहत बुलाया गया जहां उन्हें दुनिया की रंगीनियों से रू-ब-रू किया जाएगा।
खबर है कि जौनपुर के सभी अखबारों और न्यूज़ चैनल के पत्रकारों को मुंबई बुलाया गया है। इसके लिए डेढ़ से ज्‍यादा हवाई जहाज टिकट खरीदे गए हैं जिसमें यह पत्रकार और प्रमुख संगठनों के नेता सपरिवार मुंबई गए हैं। इसके अतिरिक्त 50 से ज्यादा ऐसे लोगों को रेल में एसी फर्स्ट की सुविधा देते हुए मुंबई बुलवाया गया है। यह सारे लोग उस विवाह के बाद इसी तरह हवाई जहाज या रेल से वापस आएंगे। इसके अलावा भी भारी संख्या में लोगों को मुंबई ढो कर बुलाया गया है।
सूत्र बताते हैं कि इस बसपा नेता के बेटे का तिलक 15 दिसंबर को मुंबई के एक आलीशान होटल में आयोजित होगा और इस समारोह में शिरकत करने वाले सभी जौनपुरिया लोगों को इसी होटल में एक-एक कमरा दिया गया है। व्यवस्था इतनी झक्कास है कि उनकी सेवा के लिए 24 घंटे होटल कर्मचारी तैनात रहेंगे। अशोक सिंह के कर्मचारीगण इस व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखेंगे। पलक झपकते ही मेहमान की किसी भी ख्वाहिश को पूरी करने की शर्त होगी। इतना ही नहीं, सभी आमंत्रित मेहमानों की सेवा में एक आलीशान कार भी उपलब्ध कराई गई है जिसमें ड्राइवर होगा। मेहमान मुंबई या आसपास कहीं भी जब तक घूमना चाहे, निशुल्क घूम सकेगा।
सूत्र बताते हैं कि अशोक सिंह ने अपने बेटे की तिलक समारोह के अभिमन्यु अविस्मरणीय आयोजन बनाने के लिए कोई भी कसर नहीं छोड़ रखी है। सूत्रों का अनुमान है कि इस विवाह में अकेले तिलक समारोह में जो आयोजन होगा उसकी कीमत 2 करोड़ से भी ऊपर हो सकती है।
दोलत्‍ती संवाददाता ने इस बारे में बसपा नेता अशोक सिंह से बातचीत की। अशोक सिंह ने स्‍वीकार किया कि उन्‍होंने इस आयोजन के लिए पत्रकारों व विभिन्‍न संगठनों के नेताओं को बुलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *