फतह कर गयी माउंट एवरेस्ट यूपी की महिला आईपीएस

सक्सेस सांग

: सन-02 बैच की आईपीएस है अपर्णा कुमार, तुम को हम सब का सलाम : इस वक्त डीआईजी टेक्निकल के पद पर तैनात हैं अपर्णा :

लखनऊ : वर्ष 2002 बैच की यूपी कॉडर की आईपीएस अपर्णा कुमार के नाम एक नया रिकार्ड दर्ज हो गया। शनिवार को सुबह 11 बजे उन्होंने दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा व यूपी पुलिस का झंडा फहरा दिया। वह यूपी पुलिस में डीआईजी टेक्निकल हैं और लखनऊ में तैनात हैं।

अपर्णा अखिल भारतीय सेवा की ऐसी पहली अफसर हैं, जिन्होंने माउंट एवरेस्ट फतह किया है। इस उपलब्धि पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व यूपी के डीजीपी जावीद अहमद ने उन्हें ट्वीट करके बधाई दी है। टि्वटर पर ही उत्तर प्रदेश सरकार और आईपीएस एसोसिएशन की तरफ से भी उन्हें बधाई दी गई है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अपने टि्वटर हैंडल पर लिखा कि यह देश की फोर्स के लिए गर्व का मौका है।

अपर्णा ने इससे पहले यूरोप के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट एलब्रस पर तिरंगा फहराया था। तब शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे तापमान वाली इस पर्वत चोटी पर तिरंगा फहराने वाली पहली भारतीय महिला अफसर बन गई थीं। उन्होंने अफ्रीका के माउंट किलमंजारो पर्वत तथा अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी को भी फतह किया था। उनकी इन उपलब्धियों को महिलाओं के लिए प्रेरक मानते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मार्च 2015 में उन्हें रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया था। अपर्णा के पति संजय कुमार भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं और वर्तमान में इलाहाबाद के डीएम हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अपर्णा कुमार को ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने लिखा है कि यह देश की पुलिस फोर्स के लिए गर्व का मौका है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपर्णा के पति आईएएस अफसर संजय कुमार को फोन पर बधाई देते हुए अपर्णा को यूपी का गौरव बताया। पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने पूरे पुलिस परिवार की ओर से अपर्णा को बधाई देते हुए उनकी प्रशंसा की।

पुलिस उपमहानिरीक्षक तकनीकी सेवाओं के पद पर कार्यरत 2002 बैच की आईपीएस अपर्णा कुमार ने 8,848 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट पर शनिवार सुबह 11:02 बजे तिरंगा व यूपी पुलिस का ध्वज फहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *